हिसार। मंगाली से दाहिमा मार्ग से गुजरने वाली बीएनसी नहर की पुलिया के पास रविवार शाम को दो युवक पानी में बह गए। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम व गोताखोर देर शाम तक युवकों की तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार मंगाली चौकी पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक नहर में बह गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बिना नंबर प्लेट की बाइक खड़ी मिली और दो युवकों के कपड़े व जूते नहर की पटरी पर रखे थे। यह पता नहीं लग पाया कि पानी में बहने वाले युवक कौन और कहां के थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि पहले एक युवक पानी में नहाने गया, फिर दूसरा उतरा। इस दौरान पानी के तेज बहाव में दोनों बह गए। संवाद