ऑब्जर्वेशन होम (बाल सुधार गृह) से 12 अक्तूबर की शाम से फरार बाल बंदियों के मामले में जिला पुलिस ने दो बाल बंदियों को हिसार से पकड़ लिया है। करनाल के नीलोखेड़ी निवासी बंदी को शनिवार को अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया, जबकि हिसार के ही निवासीन बंदी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हिसार का रहने वाले बंदी पर हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं और नीलोखड़ी निवासी बंदी पर हत्या के प्रयास सहित कई मामलों का आरोपी। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने शुक्रवार को भी तीन बंदियों को रोहतक में एक होटल से पकड़ा था, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। दूसरी ओर हमले में घायल वार्डर निलंबित होने के बाद शनिवार को विभागीय जांच के दौरान बाल सुधार गृह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मामले में बाल सुधार गृह के मामलों से संबंधित वकील से भी बात की। पुलिस के अनुसार अभी तक पांच बंदी पकड़े गए हैं, जबकि 12 फरार हैं।
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि 12 अक्तूबर की शाम बाल सुधार गृह से 17 बाल बंदी फरार हो गए थे। हालांकि 18 बाल बंदियों ने फरार होने का प्रयास किया था, लेकिन एक बंदी को मौके पर ही दबोच लिया गया था। फरार हुए 17 बाल बंदियों में से 5 बंदियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। बाकी के 12 बंदियों की तलाश में पुलिस लगातार जगह-जगह दबिश दे रही है।