जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पीएनडीटी एक्ट अधिकारी ने अपनी टीम के साथ वीरवार को भ्रूण लिंग जांच को लेकर पंजाब राज्य के संगरूर जिले में कार्रवाई की है। इस दौरान दलाल महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से कुछ रुपये भी बरामद किए गए हैं। विभाग की टीम को आता देख आरोपी गाड़ी लेकर लेकर फरार हो गया। यह गिरोह चीन की मशीन के जरिये गाड़ी में ही भ्रूण लिंग की जांच करता था।
डिप्टी सीएमओ डॉ. अनामिका बिश्नोई ने बताया कि आरोपी मलकेत सिंह और दलाल महिला कमलजीत कौर यह अवैध धंधा काफी समय से चला रहे थे। दलाल महिला ने पूछताछ में बताया कि वह भ्रूण लिंग जांच सिर्फ गाड़ी में ही करते थे ताकि किसी को शक न हो। इसके लिए उनके पास एक चीन की मशीन है, जिसकी कीमत करीब एक से डेढ़ लाख रुपये है। डिप्टी सीएमओ के अनुसार आरोपी अपनी गाड़ी को लॉक किए हुए था। जैसे ही विभाग की टीम उनके पास पहुंची तो आरोपी करीब मलकीत सिंह गाड़ी को डिवाइडर पर से चढ़ाकर दूसरी तरफ ले गया, जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने संगरूर पीएनडीटी एक्ट अधिकारी और पुलिस प्रशासन को सूचना दी थी। उसके कुछ देर बाद ही विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दलाल महिला से पूछताछ के बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ऐसे चली पूरी कार्रवाई
वीरवार सुबह करीब 6:30 बजे डिप्टी सीएमओ अपनी टीम के साथ लुधियाना पहुंचीं। वहां अहमदगढ़ से गर्भवती महिला को अपने साथ में लिया और दलाल महिला से संपर्क साधा। करीब 7:30 बजे दलाल महिला स्कूटी लेकर वहां आई और जांच के लिए गर्भवती महिला को अपने साथ स्कूटी पर लेकर मलेर कोटला नजदीकी एरिया में मौजूद आरोपी के पास पहुंची। उसके बाद दलाल महिला ने आरोपी के साथ मिलकर गर्भवती महिला की गाड़ी में ही चीन में निर्मित पोर्टेबल मशीन के जरिये भ्रूण लिंग जांच की। जांच के बाद जैसे ही दलाल महिला गर्भवती महिला को गाड़ी से बाहर लेकर उतरी तो टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
ज्यादातर लोगों को बेटी ही बताते थे आरोपी
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि आरोपी और दलाल महिला ने पूछताछ में बताया कि ज्यादातर लोगों को वह लिंग जांच के दौरान बेटी ही बताते थे, ताकि आसानी से गर्भपात भी करवा सकें। इससे वह भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात दोनों के पैसे हड़प लेते थे। फिलहाल इसकी जांच जारी है कि कितने लोगों की जांच की जा चुकी है और कितनों के गर्भपात।
25 से 30 हजार रुपये लेते थे जांच के
आरोपी और दलाल महिला भ्रूण लिंग जांच के लिए 25 से 30 हजार रुपये लेते थे। इसके अलावा गर्भपात करवाने के 5 से 10 हजार रुपये लेते थे जिसके तहत गर्भवती महिला को इंजेक्शन व दवा दी जाती थी।
आरोपी मलकेत सिंह और दलाल महिला कमलजीत कौर दोनों ही संगरूर जिले के रहने वाले हैं। वह काफी दिनों से भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा कर रहे थे। उन्हें यह सूचना हिसार से ही मिली थी कि कुछ महिलाओं की संगरूर में भ्रूण लिंग जांच की जा रही है।
डॉ. अनामिका बिश्नोई, डिप्टी सीएमओ, हिसार।