हिसार। गांव सुलचानी निवासी 53 वर्षीय भैंस व्यापारी बारूराम ने उधार दी गई 23 लाख 45 हजार रुपये की राशि वापस नहीं मिलने और समझौते के बहाने बुलाकर मारपीट किए जाने से आहत होकर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उन्हें पहले नारनौंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बारूराम ने दो पेज का सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें छह लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। नारनौंद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच अधिकारी एएसआई रामलाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर लिए हैं।
गांव सुलचानी निवासी सुमित ने बताया कि वह नारनौंद अनाज मंडी में मुंशी का काम करता है। उसके पिता बारूराम भैंसों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते थे। सुमित के अनुसार कुंभा निवासी बुरा, नारनौंद निवासी हरिओम, ढाणी ब्राह्माणान निवासी तारा और पाली निवासी बोबी ने उसके पिता से 8 लाख 20 हजार रुपये उधार लिए हुए थे। इसके अलावा सुलचानी निवासी आकाश पर 15 लाख 21 हजार रुपये बकाया थे। आरोप है कि जब बारूराम ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे मामले में सुलचानी निवासी अजय भी शामिल था।
-
समझौते के बहाने साथ ले गए, चाकू से हमले का आरोप
सुमित ने बताया कि वीरवार को अजय और आकाश उसके पिता को समझौते के बहाने अपने साथ ले गए। आरोप है कि कार में उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और चाकू से भी हमला किया गया। शुक्रवार सुबह वह अपने काम पर चला गया था। इसी दौरान घर से फोन आया कि दो युवक उसके पिता को गंभीर हालत में बाइक पर बैठाकर घर छोड़ गए हैं। इसके बाद वह पिता को नारनौंद के सरकारी अस्पताल लेकर गया जहां से उन्हें हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। हिसार पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नारनौंद थाना के एएसआई रामलाल और सुरेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे तथा जांच शुरू की। मृतक के पास से दो पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में आकाश और अजय का किया जिक्र
मृतक के पास से मिले दो पेज के सुसाइड नोट के पहले पेज पर लिखा है कि आकाश को अलग-अलग समय पर 8 लाख 21 हजार रुपये की भैंसें दिलवाई थीं और सात लाख रुपये उधार भी दिए थे। नोट में आरोप लगाया गया है कि जब रुपये वापस मांगने का समय आया तो जान से मारने की धमकियां दी गईं। अजय उसे झूठ बोलकर समझौते के लिए घर से ले गया जहां आकाश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। नोट में लिखा गया है कि रुपये लौटाने से इन्कार किए जाने और लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर वह आत्महत्या कर रहा है। साथ ही परिवार को बकाया राशि दिलाने और आकाश के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
-
भविष्य में किसी और के साथ ऐसा न हो
सुसाइड नोट के दूसरे पेज में बारूराम ने लिखा है कि कुंभा निवासी बुरा, नारनौंद निवासी हरिओम, ढाणी ब्राह्माणान निवासी तारा और पाली निवासी बोबी पर उसके 8 लाख 20 हजार रुपये बकाया हैं। इन लोगों ने रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। नोट में परिवार को बकाया राशि दिलाने और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही लिखा है कि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति के साथ ऐसा न हो।