हिसार। पेट्रोल पंप संचालक के परिवार से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन 23 अक्तूबर को पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मिलेगी। एसोसिएशन का आरोप है कि अल्टीमेटम के बावजूद मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल एसपी से कार्रवाई की जानकारी लेने के बाद अगला फैसला करेगा।
एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 17 अक्तूबर को एसपी से मिला था। उस दौरान उन्होंने बताया था कि पेट्रोल पंप संचालक आनंद गोयल के परिवार और बच्चों तक को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग चिंतित है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया था।
रतनगढ़ से कुछ संदिग्धों को लिया था हिरासत में
राजकुमार सलेमगढ़ ने बताया कि रतनगढ़ से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था लेकिन उनकी आवाज का मिलान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यदि एसोसिएशन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुई तो बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इन लोगों से मांगी गई थी रंगदारी
पिछले माह के आखिर में पेट्रोल पंप संचालक प्रमोद गोयल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस इस मामले को सुलझा भी नहीं पाई थी कि 16 अक्तूबर को प्रमोद गोयल के भाई आनंद गोयल और उनके बेटे अनिरुद्ध गोयल से भी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।