नारनौंद (हिसार)। गांव बुडाना में 16 नवंबर 2024 को 55 वर्षीय महिला के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म किए जाने का खुलासा हुआ है। एसआईटी ने विसरा रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि की है। इस घटना से करीब 11 दिन पहले जयबीर नाम के व्यक्ति की भी हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि दोनों ही वारदात में आरोपी एक ही है। पुलिस ने नाबालिग सहित दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया। उधर, इस मामले में न्याय की मांग को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों ने रविवार को महापंचायत कर धरना खत्म करने का एलान कर दिया।
एसआईटी के इंचार्ज डीएसपी कमलजीत सिंह ने बताया कि पिछले साल 5 नवंबर को जयबीर व 16 नवंबर को एक महिला की हत्या कर दी गई थी। महिला की विसरा रिपोर्ट के आधार पर पता चला है कि हत्या से पहले दुष्कर्म भी किया गया था। ऐसे में इस मामले में दुष्कर्म की धाराओं को भी जोड़ दिया है। आरोपी ने 60 वर्षीय जयबीर की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन कोई तथ्य सामने नहीं आने पर पूछताछ के बाद छोड़ दिया। 16 नवंबर को इसी युवक ने गांव के स्टेडियम के पास 55 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। ग्रामीणों के विरोध जताने के बाद हांसी पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए चार टीमों का गठन किया। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के ही अनूप और एक नाबालिग को हिरासत लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दोनों वारदात करना कबूल कर लिया। ग्रामीणों ने डीजीपी से मिलकर अन्य अफसर से जांच करवाने की मांग की। इसके बाद एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने अपनी तरफ से पूरी जांच करने के बाद मामला स्टेट क्राइम ब्रांच को सौंप दिया था। उधर, महिला के विसरा को फॉरेंसिक लैब भेजा गया। इसकी रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई।
महापंचायत कर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया
डबल मर्डर में पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने गांव में ही धरना शुरू कर दिया था। रविवार को धनौरी के सरपंच कपिल ढांडा की अध्यक्षता में महापंचायत का आयोजन किया गया। कमेटी के सदस्य जयबीर सिंह व संदीप भारती ने बताया कि हांसी पुलिस ने 3 जनवरी तक विसरा रिपोर्ट को जांच के लिए भी नहीं भेजा था। जांच एसआईटी को सौंपी गई तो विसरा रिपोर्ट भेजी गई, जिसकी जांच में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एसआईटी ने जो चार्जशीट बनाई है, उसमें दुष्कर्म संबंधी धाराओं को जोड़ा है। इससे संतुष्ट होकर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही 31 सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, जो एसआईटी से सहयोग करेगी।
-
विसरा की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि महिला के साथ हत्या से पहले दुष्कर्म किया गया था। अब इस मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच कर रही है। आगे की सारी कार्रवाई वहीं से होगी। - डीएसपी कमलजीत, एसआईटी इंचार्ज