हांसी के नागरिक अस्पताल में मरीजों की आंखों की जांच करतीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ़ ज्योति कपूर।
हांसी। बारिश के बाद धूल और नमी के कारण नेत्र संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण जैसी समस्याएं हो रही हैं। नागरिक अस्पताल की नेत्र रोग ओपीडी में आने वाले अधिकतर मरीज इसी समस्या से ग्रस्त हैं।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति कपूर के अनुसार, ओपीडी में रोजाना 50 से 60 मरीज आ रहे हैं, जिनमें संक्रमण के मामले बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन तेजी से फैलते हैं। उन्होंने सलाह दी कि बाहर निकलते समय चश्मा या हेलमेट जरूर पहनें और आंख में कुछ गिरने पर गंदे हाथों से आंख न मलें। ऐसा करने से संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है। यदि आंखों में जलन या लालिमा हो तो बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न डालें।