माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। जनस्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों बरवाला एसटीपी में हुए हादसे के बाद संबंधित जेई को निलंबित कर दिया है। वहीं डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन विभाग के इस फैसले के विरोध में उतर आई है। वीरवार को एसोसिएशन ने एसई कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही एक ज्ञापन भी सौंपा। एसोसिएशन ने जेई को बहाल न करने पर वर्क सस्पेंड की चेतावनी भी दी।
बता दें कि 7 मई को बरवाला ढाणी गारन मार्ग पर बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के चैंबर की सफाई के दौरान वॉल्व की ब्लॉकेज खोलते समय जहरीली गैस के प्रभाव में आने से ठेकेदार के दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी। इस मामले में संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित जेई को निलंबित कर दिया।
-एसोसिएशन बोली-जेई की नहीं थी कोई गलती
डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान दीपक जांगड़ा ने बताया कि 7 मई को ढाणी गारन के एसटीपी में हुए हादसे में जेई को निलंबित कर दिया जबकि उसकी कोई गलती नहीं थी। इसी मामले में प्रदेश के सभी जिलों से पदाधिकारी यहां एसई से मिलने पहुंचे हैं।
उन्होंने इस संबंध में एसई को ज्ञापन भी सौंपा है। एसई ने इस संबंध में इंजीनियर इन चीफ से भी बातचीत की है। ज्ञापन में कहा गया है कि अगर 7 दिन में जेई को बहाल नहीं किया जाता है तो एसोसिएशन इस बारे में सख्त कदम उठाएगी।