बास। उगालन गांव में डायल 112 पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी की और साथ में ईआरवी गाड़ी पर पत्थर मारकर नुकसान पहुंचाया है। बास थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डायल 112 पर बतौर चालक तैनात कांस्टेबल भूपेंद्र ने बताया कि 14 मई को सुबह करीब 8 बजे उगालन गांव निवासी रामेश्वर ने कॉल करके बहसबाजी मामले की सूचना दी व पुलिस को मौके पर आने को कहा।
यह सूचना मिलने के बाद ईआरवी स्टाफ ईएसआई हवा सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र, एसपीओ सत्यवान मौके पर पहुंच गए। भूपेंद्र ने बताया कि मौके पर जाकर देखा तो वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठे थे और वहां पर दूसरे पक्ष के लोग भी आए हुए थे। दोनों पक्षों में आपसी बहस बाजी चल रही थी। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को काफी समझाने की कोशिश की पर वे नहीं माने। कांस्टेबल भूपेंद्र ने बताया कि फिर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना में दर्खास्त देने के बारे में कहा।
आरोप है कि इस पर रामेश्वर ने डायल 112 पर पुलिस टीम पर हमला कर दिया व हाथापाई करने लगा। रामेश्वर ने पत्थर मारकर ईआरवी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया है। रामेश्वर ने सरकारी कार्य में बाधा डाली है। फिलहाल बास थाना पुलिस ने कांस्टेबल भूपेंद्र की शिकायत पर आरोपी रामेश्वर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर दी है।