हिसार। एक गांव के जलघर से मिले किशोरी के शव मामले में परिजन और ग्रामीणों का तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक विसरा रिपोर्ट और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। ग्रामीणों और कमेटी सदस्यों ने चेतावनी दी कि शुक्रवार को गृह मंत्री अनिल विज के हिसार आगमन पर उनका घेराव किया जाएगा। सीआईए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि 29 नवंबर को किशोरी गायब हो गई थी। गांव के युवक पर किशोरी को बहला-फुसला कर ले जाने का आरोप है। आजाद नगर थाना पुलिस ने केस भी दर्ज किया था, शव मिलने के बाद से लेकर अभी तक पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं चिकित्सकों की तरफ से भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं दी गई है। हमें सिर्फ ये बताया गया कि 96 घंटे पहले किशोरी की मौत हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक किशोरी को न्याय नहीं मिलेगा धरना जारी रहेगा। सदस्यों का कहना है कि प्रशासन के आश्वासन के बाद किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया, लेकिन अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। उनका कहना है कि वे चुप नहीं बैठेंगे। अगर, सड़क पर फिर से उतरना पड़ा तो उतरेंगे।