हिसार। आदमपुर क्षेत्र की युवती से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के पूर्व प्रधान देवेंद्र बूड़िया मामले में सोमवार को जेएमआईसी आयुष की अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र बूड़िया के पुलिस रिमांड की मांग की। अदालत ने रिमांड देने से मना कर दिया। ऐसे में सुनवाई के बाद फिर से देवेंद्र बूड़िया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अब आरोपी की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी।
इस मामले में देवेंद्र बूड़िया पक्ष से एडवोकेट पवन रापड़िया का कहना है कि अब पुलिस की ओर से चालान किए जाने का इंतजार है। इसके बाद आगामी कार्रवाई हो सकेगी। पुलिस ने रिमांड के लिए एप्लीकेशन दायर की थी, जो कोर्ट ने डिसमिस कर दी। 29 जून को हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच ने देवेंद्र बूड़िया को जोधपुर से गिरफ्तार किया था। 30 जून को कोर्ट में पेश किया था। उस समय पुलिस ने देवेंद्र बूड़िया का रिमांड मांगने की चर्चा थी लेकिन रिमांड नहीं मांगा। उस दिन पेशी से पहले ही देवेंद्र बूड़िया की तबीयत भी बिगड़ गई थी। इस बार पेशी के दौरान पुलिस ने रिमांड मांगा, पर मिला नहीं। कोर्ट में देवेंद्र बूड़िया की पेशी के चलते कुछ समर्थक आए हुए थे।