हिसार। जॉर्डन में शुरू हुई एशियन चैंपियनशिप में बॉक्सर देवांश वालिया, संचित ज्याणी और जिया रिंग में मुक्के बरसाएंगे। तीनों बॉक्सर आजाद नगर स्थित मंजीत लोहान बॉक्सिंग एकेडमी में कोच विकास लोहान के पास प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले बॉक्सर नेशनल स्तर पर भी पदक जीत नाम रोशन कर चुके हैं।
देवांश 80 किलोग्राम भारवर्ग, संचित ज्याणी 49 किलोग्राम और जिया 48 किलोग्राम भारवर्ग में दमखम दिखाएंगे। फाइनल मुकाबले एक मई को होंगे। इन तीनों बॉक्सर का मुकाबला 24 अप्रैल से शुरू होगा। कोच विकास लोहान ने बताया कि इस चैंपियनशिप के लिए तीनों खिलाड़ी काफी समय से तैयारी कर रहे हैं। प्रैक्टिस का समय बढ़ाया गया। तीनों बॉक्सरों से पदक की उम्मीद है।
सात साल से बॉक्सिंग खेल रहा संचित
कोच विकास लोहान ने बताया कि संचित ने सात साल पहले बॉक्सिंग से अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी। 2024 में नेशनल स्तर पर रजत पदक जीत चुका हैं। इस बार उम्मीद है कि वह एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करेगा। वहीं, इस साल भी संचित ने नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी जिया
जिया पांच साल से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैंप लगा चुकी हैं। नेशनल स्तर पर भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। अंडर-17 स्कूली नेशनल चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। जिया तीन बहनें हैं। ज्यादातर टूर्नामेंट में जिया ने स्वर्ण पदक जीते हैं।
पदक का रंग बदलना चाहते हैं देवांश
बॉक्सर देवांश ने 2020 से बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। अंडर-17 नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते चुके हैं। पिछले साल हुई एशियन चैंपियनशिप में भी देवांश ने कांस्य पदक हासिल किया था। इस बार पदक का रंग बदलने के लिए उसने कड़ी मेहनत की है। अब देवांश से सभी को स्वर्ण पदक की उम्मीद हैं।
देवांश वालिया।
देवांश वालिया।