हिसार। मौलिक स्कूल शिक्षा निदेशालय ने निजी स्कूलों में राइट टू एजुकेशन (आरटीई) के तहत दाखिले के लिए अस्थायी शेड्यूल जारी किया है। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए निजी स्कूलों को 11 से 17 मार्च तक अपनी सीटों की घोषणा करनी होगी। इसके बाद दाखिला प्रक्रिया 10 से 23 अप्रैल तक पूरी की जाएगी। वेटिंग लिस्ट में शामिल बच्चों के दाखिले 30 अप्रैल से 5 मई तक किए जाएंगे।
निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश भेज दिए हैं। शिक्षा विभाग ने बताया कि यह प्रक्रिया आरटीई एक्ट 2009 के तहत हो रही है जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के बच्चों के लिए निर्धारित प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाती हैं।
अस्थायी शेड्यूल के अनुसार 18 से 24 मार्च तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलों की सत्यापन प्रक्रिया होगी जबकि 25 से 30 मार्च तक वेरिफाइड स्कूल लिस्ट जारी की जाएगी। माता-पिता 31 मार्च से 7 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। 9 अप्रैल को लॉटरी रिजल्ट जारी किया जाएगा और वैलिडेशन कमेटी के द्वारा स्कूलों का अलॉटमेंट किया जाएगा।
पिछले साल हुआ था लंबा इंतजार
पिछले साल सीटों से संबंधित डेटा प्राप्त करने में विभाग की ओर से और सीटों की घोषणा करने में निजी स्कूलों की ओर से हुई देरी के कारण छात्रों को दाखिला प्रक्रिया पूरी करने के लिए जुलाई तक इंतजार करना पड़ा था। इस देरी के कारण कई आपत्तियां दर्ज की गईं, और दाखिला समय सीमा को बार-बार बढ़ाया गया।
आरटीई के तहत दाखिले के लिए मुख्यालय की ओर से शेड्यूल आया है। पहले चरण में निजी स्कूलों की ओर से सीटों का ब्योरा दिया जाना है। सभी निजी स्कूलों को सीटों का ब्योरा देने के लिए कहा गया है। समय पर जानकारी नहीं देने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
- वेद दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, हिसार
शिक्षा विभाग की ओर से पिछले दो साल की फीस अभी तक नहीं दी गई है। चिराग, 134 ए का पैसा भी अभी तक नहीं दिया गया है। 134 ए के पिछले 11 साल का करीब 600 करोड़ रुपये बकाया है। हम सरकार से मांग कर रहे हैं कि हमें समय पर भुगतान किया जाए। इससे हम स्कूलों का संचालन बेहतर तरीके से कर सकें। जिले में 450 के करीब निजी स्कूल हैं। इसमें 25 प्रतिशत सीट आरटीई के तहत दाखिला दिया जाएगा। जिले में करीब 10 हजार से अधिक सीट पर दाखिला देंगे।
- सत्यवान कुंडू , प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ।