वैकल्पिक मार्ग : अधिकारियों की ओर से डीसीएम के नाले से लेकर धांसू गैस प्लांट तक वैकल्पिक रोड बनाने का सुझाव दिया है।
स्थायी मार्ग : राणा माइनर से लेकर एयरपोर्ट की चहारदीवारी के साथ-साथ नेशनल हाईवे 9 को जोड़कर बनाया जाए स्थायी मार्ग।
हिसार। बरवाला रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में उपमुख्यमंत्री के साथ मुलाकात की। समिति सदस्यों से बातचीत के बाद उपमुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर को अधिकारियों व ग्रामीणों के साथ वैकल्पिक व स्थायी दोनों मार्गों का निरीक्षण करने के आदेश दिए। इस आदेश के तहत चीफ इंजीनियर आज दोनों मार्गों का मुआयना कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
उधर तलवंडी राणा में ग्रामीणों का धरना 15वें दिन भी जारी रहा। बता दें कि सोमवार को बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग ने विधानसभा में तलवंडी राणा रोड का मामला उठाया था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ग्रामीणों को चंडीगढ़ में बातचीत के लिए बुलाया था।
समिति प्रधान स्थायी मार्ग की मांग पर अड़े
बातचीत के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को ग्रामीणों की तरफ से सुझाए गए मार्ग का नक्शा दिखाया और इसी मार्ग को देने की मांग की। समिति प्रधान ओपी कोहली ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने तत्काल स्थायी रोड दिए जाना संभव न बताते हुए ग्रामीणों को वैकल्पिक मार्ग देने व स्थायी सड़क मार्ग के लिए कार्रवाई शुरू करवाने की बात कही। ओपी कोहली के मुताबिक बैठक में अधिकारियों ने एयरपोर्ट की बाहरी दीवार के साथ से जाने वाले डीसीएम के नाले से लेकर धांसू गैस प्लांट तक वैकल्पिक रोड बनाने का सुझाव दिया। मगर प्रतिनिधिमंडल ने इस सुझाव को यह तर्क देते हुए नकार दिया कि भविष्य में एक और हवाई पट्टी बनने पर यह रोड भी बंद कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को स्थायी मार्ग ही चाहिए।
उपमुख्यमंत्री के संशय को किया दूर
ओपी कोहली ने बताया कि उपमुख्यमंत्री को संशय था कि ग्रामीणों की तरफ से सुझाया जा रहा मार्ग डियर पार्क में से होकर गुजरेगा। मगर उन्होंने उपमुख्यमंत्री को बताया कि डियर पार्क की उक्त मार्ग के बीच काफी दूरी है। समिति के प्रधान के अनुसार इस मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री से उनकी दो बार बातचीत हुई। पहले उपमुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत की। फिर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद फिर से प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की।