घिराय/बरवाला। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन हरियाणा, पशुपालन विभाग ब्लॉक बरवाला के कर्मचारियों ने लंबित मांगों और पूर्व में बनी सहमतियों पर कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया। बैठक का आयोजन हिसार एवं हांसी प्रभारी रोहित यादव तथा सह-प्रभारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में हुआ।
कर्मचारियों ने एसआईआर जनगणना ड्यूटी से हटाने संबंधी पत्र जारी करने की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 27 सितंबर को पशुपालन विभाग के मंत्री के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 18 अगस्त 2026 को महानिदेशक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग हरियाणा के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ मामलों में सहमति के विपरीत कार्य भी जारी है।
यूनियन ने स्वीपर-कम-चौकीदार की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, जॉब चार्ट में संशोधन, वीएलडीए की सीटें बढ़ाने और कॉमन कैडर कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने की मांग की। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को फसल अवशेष प्रबंधन तथा एसआईआर जनगणना ड्यूटी से हटाने के पत्र जारी करने की मांग की। यूनियन का कहना है कि एसआईआर जनगणना का कार्य दक्ष एवं ग्रुप-सी स्तर का है। 18 अगस्त की बैठक में रखी मांगों से संबंधित पत्र भी जल्द जारी करने की मांग की गई। बैठक में सर्वसम्मति से राकेश कुमार को ब्लॉक बरवाला का सचिव चुना गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष बजरंग वर्मा, उपप्रधान मलेश, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, सुरेंद्र, शांत कुमार आदि मौजूद रहे।