सिवानी मंडी। साइबर अपराधी ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं डीएसपी जयभगवान की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर परिचित लोगों के पास संदेश भेजकर रुपयों की मांग की है। डीएसपी जयभगवान ने बताया कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है, जिससे रुपये मांगे जा रहे हैं। जानकारों व अन्य लोगों से अपील है कि ऐसे किसी संदेश पर विश्वास न करें और सतर्क रहें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस प्रकार का कोई संदिग्ध मैसेज प्राप्त होता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने इस साइबर ठगी के मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों का सुराग लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
इसके अलावा सस्ते दामों पर फर्नीचर बेचने का लालच दिया जा रहा है। मैसेज में दावा किया गया है कि एक सीआरपीएफ अधिकारी का ट्रांसफर हो गया और वह अपना घरेलू फर्नीचर कम कीमत पर बेच रहा है। इस बहाने से लोगों से संपर्क किया जा रहा है ताकि व्यक्तिगत जानकारी हासिल की जा सके।
उधर, हांसी में सिंचाई विभाग के कनाल गार्ड से टावर लगाने के नाम पर साइबर ठगों ने 1.08 लाख रुपये ऐंठ लिए। कनाल गार्ड जय सिंह ने बताया कि 23 नवंबर को बीएसएनएल का टॉवर लगवाने का ऑफर मिला। बाद में प्रिया नाम की लड़की के कहने पर अलग-अलग खातों में 1.08 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।