हिसार अपराध का अड्डा बन गया है। हरियाणा सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। लगातार लूट, डकैती, फिरौती , रंगदारी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। पिछले तीन चार महीने में बाजारों में व्यापारियों के साथ लूट, चोरी की छह बड़ी वारदात हो चुकी हैं। राजगुरु मार्केट में चोरी, फायरिंग, गणेश मार्केट में एक करोड़ के मोबाइल चोरी और डाबड़ा चौक पर दुकानदारों पर हमला किया गया। - बजरंग गर्ग , प्रधान, हरियाणा व्यापार मंडल
वारदात के समय के सीसीटीवी फुटेज में युवक गाली देते हुए धमकी दे रहे हैं। उनकी भाषा से पता लग रहा है कि वह स्थानीय निवासी है। हरियाणवी बोली में गाली देते हुए फायरिंग की। मौके पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड ने आरोपियों को दबोचने के लिए उनका पीछा करने का प्रयास भी किया। सुरक्षा कर्मी कुछ दूरी तक उनके पीछे भागता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी मेन रोड की बजाए मॉल के पीछे की ओर रामपुरा मोहल्ला एरिया की ओर भागे हैं। ऐसे एरिया में छिपना आसान होता है। पुलिस की ओर से इस क्षेत्र में दुकानों के बाहर लगे कुछ कैमरे खंगाले गए हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को चिह्नित किया है।
आरोपी पहले से ही पूरी साजिश रचकर आए थे। नकाबपोश युवक ने मॉल से कुछ दूरी पहले ही रिवॉल्वर को अपने हाथ में निकाला हुआ था। मॉल के सामने आकर फायर किए और मौके से भाग गए। करीब 15 सेकेंड में ही आरोपी दहशत फैला कर भागने में कामयाब रहे। दोनों युवकों ने अपनी पीठ पर बैग लटकाए हुए थे। आरोपियों ने साजिश के तहत ही फायरिंग के लिए वह समय चुना जब मॉल के सामने भीड़ कम थी। घटना के बाद हवाई फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी फायरिंग कर भागते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हिसार की राजगुरु मार्केट स्थित मशहूर राम चाट भंडार (आरसीबी) के मालिक से 17 मई 2023 को 10 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। आरोपियों ने दुकान मालिक को पर्ची थमाई थी, जिस पर रकम लिखी हुई थी। इसके बाद पिस्तौल दिखाई और पैदल ही चले गए। थोड़ी दूरी पर ही उनका तीसरा साथी उनका इंतजार कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से 24 घंटे में आरोपियों को पकड़ लिया था।
9 जनवरी जिले के अग्रोहा थाना के अंतर्गत गांव कालीरावण में एक युवक ने व्हाटस एप पर काल कर दो लाख की रंगदारी मांगी।
19 अगस्त 2023 राजगुरु मार्केट में व्यापारी की दुकान पर चिट्ठी फेंक कर 20 लाख की रंगदारी मांगी।
13 अगस्त 2023 शराब ठेकेदार संजय सहारण से एक लाख रुपये हर महीने की रंगदारी मांगी।
23 नवंबर 20222 छोटू राम कॉलोनी निवासी बलबीर से क्रांति नगर निवासी सूरज व अरमान सहित चार युवकों ने 50 हजार की रंगदारी मांगी।
20 अप्रैल 2022 अग्रवाल कालोनी निवासी दीपक को मोबाइल नंबरों से धमकी देकर इंटरनेशनल नंबरों से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।