नारनौंद। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को आधुनिक पहचान देने और उन्हें आकर्षक स्वरूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़ ने शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात कर शहर के प्रमुख चौकों के सुंदरीकरण और महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मंत्री को विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा।
मांग पत्र में खांडा मोड़ चौक, ऑटो मार्केट चौक, पुरानी सब्जी मंडी चौक, नया बस स्टैंड चौक, पुराना बस स्टैंड चौक और अनाज मंडी चौक सहित प्रमुख स्थलों का उल्लेख किया गया। विधायक ने कहा कि ये सभी स्थान शहर की पहचान होने के साथ-साथ आवागमन के प्रमुख केंद्र हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजाइन, आकर्षक लाइटिंग, हरियाली और कलात्मक संरचनाओं के माध्यम से इन चौकों का सौंदर्यीकरण शहर की छवि को नई पहचान देगा। इससे न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर वातावरण मिलेगा, बल्कि बाहर से आने वाले लोगों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
विधायक ने सुझाव दिया कि इन चौकों पर राष्ट्र और समाज के महान महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएं जिससे सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा और शहर की पहचान और मजबूत होगी।