हांसी केंद्र पर डीएपी लेने के लिए लगी किसानों की भीड़। संवाद
हांसी। रबी की फसल की बिजाई शुरू होने के साथ ही डीएपी की मांग भी बढ़ने लगी है। मंगलवार को डीएपी की मांग के लिए इफको केंद्र पर किसानों की लंबी लाइनें लगी रही। किसान यहां डीएपी लेने के लिए सुबह सात बजे से लाइन में लगे रहे। एक आधार कार्ड पर किसानों को 10 कट्टे डीएपी खाद के दिए गए। जबकि आमतौर पर पहले केंद्र की तरफ से एक आधार कार्ड पर पांच कट्टे दिए जाते थे।
मंगलवार को केंद्र में चार ट्रकों में करीब 3 हजार कट्टे डीएपी खाद के पहुंचे, जिसमें 170 किसानों को करीब 2,300 कट्टे वितरित किए गए। इस दौरान किसानों की भीड़ रही। कई किसान सुबह सात बजे से लाइन में लग गए तो कई किसान सुबह 9 बजे के बाद खाद लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान जितने किसान आए, उन्हें डीएपी मुहैया करवाया गया। आगामी दिनों में केंद्र डीएपी की और सप्लाई भी आएगी। केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि खाद की सप्लाई पर्याप्त है, इसलिए किसानों को भी 10 कट्टे दिए जा रहे हैं। ताकि किसानों को फिर से लाइन में न लगना पड़े। हालांकि गेहूं की बिजाई अभी दूर है, अभी तक धान की फसल की पूरी तरह कटाई नहीं हुई है, लेकिन केंद्र पर डीएपी खाद समय रहते आ गई है। इसलिए किसान भी डीएपी अभी से लेकर राहत महसूस कर रहे हैं। ताकि बिजाई के समय पर उन्हें लाइन में लगना पड़े। मंगलवार को हांसी के इफको खाद बिक्री केंद्र पर खाद लेने के लिए किसानों और महिलाओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 7 बजे से ही किसान टोकन और खाद की आपूर्ति का इंतजार करते दिखे।
डीएपी का स्टॉक आना है : इंचार्ज
बिक्री केंद्र के इंचार्ज आज्ञाराम ने बताया कि एक आधार कार्ड पर लगभग 10 कट्टे खाद दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी आगामी दिनों में डीएपी का और स्टॉक भी आएगा जिससे किसानों को डीएपी के लिए समस्या नहीं होगी। उन्होंने बताया कि गेहूं की बिजाई नवंबर में होगी, लेकिन किसान समय रहते डीएपी ले रहे हैं। इसलिए भीड़ लग रही है।