सिवानी मंडी। जिले में सूखे से फसलों को हुए भारी नुकसान का सर्वे कराने, विशेष गिरदावरी करवाने और प्रभावित किसानों को कम से कम 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की।
किसान सभा नेताओं ने बताया कि पिछले 10-12 दिनों से जिले के किसान तहसील और मंडल स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और सरकार का ध्यान फसल नुकसान की ओर दिला रहे हैं। इस वर्ष जिले में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। नहरी सिंचाई का क्षेत्र सीमित है और नलकूपों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। कई क्षेत्रों में भूमिगत पानी खारा होने के कारण किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इससे खरीफ की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करवाने का आश्वासन दिया। किसान सभा नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों को समय पर राहत नहीं मिली तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा के जिला उपप्रधान कामरेड ओम प्रकाश, जिला सचिव मास्टर जगरोशन और भिवानी तहसील सचिव करतार ग्रेवाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।