हांसी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा। संवाद
हांसी। लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। यह बात रोहतक लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को हांसी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
दीपेंद्र ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चुनाव आयोग के कथित दुरुपयोग और वोट चोरी के आरोप लगाए। उन्होंने आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
सांसद ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और वोट चोरी से जुड़े सवालों पर उनकी पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों का भी जिक्र किया।
इस दौरान नारनौंद के विधायक जस्सी पेटवाड़, बरोदा के विधायक इंदुराज नरवाल, महम के विधायक बलराम दांगी, कांग्रेस नेता पवन गोयल और युवा जिला अध्यक्ष सोनू सिसाय, सोविन भाटला सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
धान खरीद में किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाया
दीपेंद्र ने धान खरीद प्रक्रिया में किसानों को हो रही परेशानियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग की। हांसी पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांसद का स्वागत किया।