लावारिस पशुओं के कारण लगातार लोगों की जान जा रही है। बरवाला रोड स्थित रेलवे फाटक के पास एक बाइक पर सवार दो युवक लावारिस पशु के कारण हादसे के शिकार हो गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक बरवाला के रविदास कॉलोनी का निवासी रवि कुमार (21) है।
परिजनों ने बताया कि रवि अपने साथी मनोज के साथ खेदड़ स्थित अपने मामा के यहां गया था। मामा से मिलने के बाद दोनों युवक बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रेलवे फाटक के नजदीक लावारिस पशु से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगने से बाइक असंतुलित हो गई और चालक रवि खेतों के किनारों पर लगी कांटेदार तारों से कट गया।
पीछे बैठा मनोज भी बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुए, लेकिन परिजनों के पहुंचने से पहले ही रवि की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल मनोज का इलाज करवाया जा रहा है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर शहर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। बता दें कि पिछले 2 सालों में लावारिस पशुओं के कारण हुए हादसों में 9 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।