हिसार। महाबीर कॉलोनी में शनिवार सुबह एक टेंट हाउस के गोदाम में 27 वर्षीय देवेंद्र उर्फ सोनू का शव फंदे पर लटका मिला। पोस्टमार्टम के बाद एचटीएम थाना पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना मंगलपुर, जिला कानपुर, यूपी के गांव नेपलापुर के मूल निवासी देवेंद्र अविवाहित थे। कुछ समय से वह न्यू महाबीर कॉलोनी में रहकर किसी टेंट हाउस में काम कर रहे थे। मोहल्ला बड़वाली ढाणी में रहने वाले उनके भाई सत्यप्रकाश ने बताया कि देवेंद्र शुक्रवार को गोदाम में ही सो गए थे। अकेले रहने के कारण परिजनों को उनकी हालत का पता नहीं चला। रात में सत्यप्रकाश ने देवेंद्र को फोन किया, लेकिन उन्होंने बात नहीं की। इसके बाद भाई टेंट हाउस पहुंचा और देखा कि देवेंद्र बेसुध थे। उन्हें जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली से आईं बहनें पुष्पा देवी और आशा देवी रो-रोकर बेहाल थीं। उन्होंने देवेंद्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर घटना की जांच कर आत्महत्या के लिए उकसाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी सुनील ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है, फिलहाल केस दर्ज नहीं हो सका है।