फतेहाबाद। जिले के जिन इलाकों में अब तक पराली जलाने के मामले सामने आए हैं, वहां के 19 अधिकारियों को डीसी मनदीप कौर की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।
विज्ञापन
इन अधिकारियों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, दो तहसीलदार, तीन बीडीपीओ, तीन नायब तहसीलदार, चार समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी, दो उपमंडल कृषि अधिकारी, तीन खंड कृषि अधिकारी, एक विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। इन सभी को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस में स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर आगामी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
गौरतलब है कि जिले में 41 फायर लोकेशन मिल चुकी है। इनमें से 31 लोकेशन पर फसल अवशेष जलने की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन द्वारा किसानों पर सात एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। 34 किसानों की लाल एंट्री दर्ज हो चुकी है। ये 34 किसान आगामी दो सीजन में एमएसपी पर अपनी फसल नहीं बेच पाएंगे।