साइबर ठग लगातार लोगों को अपना शिकार बनाते जा रहे हैं। लोगों का एटीएम कार्ड उनके पास होते हुए भी यह ठग आसानी से उनके खाते से रुपये निकाल लेते हैं और खाताधारक को मोबाइल में मैसेज आने पर ही इसके बारे में जानकारी होती है। शनिवार को भी ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक मामले में ठगी का शिकार असिस्टेंट प्रोफेसर तो दूसरा एनएचएम कर्मी है।
एक मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में कैथल के कौल में स्थित एचएयू में असिस्टेंट प्रोफेसर मनेंद्र सिंह ने बताया कि उनका एचएयू में स्थित भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। नौ फरवरी की सुबह करीब साढ़े 10 बजे उनके खाते से किसी ने 18 हजार की नकदी उड़ा दी। उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्हें तब पता चला, जब उनके मोबाइल पर यह राशि निकालने का मैसेज आया।
वहीं एक अन्य मामले में हिसार नागरिक अस्पताल में एनएचएम कर्मी के खाते से भी साइबर ठग ने 34 हजार 500 रुपये निकाल लिए। एनएचएम कर्मी गांव राजली निवासी रामनिवास ने बताया कि कैंप चौक स्थित एक बैंक में उनका खाता है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को उनके खाते में एरियर की 45 हजार की राशि आई थी। रामनिवास ने बताया कि पहले 12 फरवरी की सुबह किसी ने उनके खाते से 10 हजार रुपये निकाले। इसके बाद उसी दिन 24 हजार 500 रुपये और निकाल लिए गए। रामनिवास ने बताया कि शुक्रवार को जब वह नागरिक अस्पताल के पास बने एटीएम में रुपये निकालने गए तो खाते से रुपये नहीं निकले। इसके बाद वह बैंक में इस बारे पता करने गए तो उन्हें वहां जानकारी मिली कि उनके खाते से दिल्ली में किसी ने रुपये निकाल लिए हैं। रामनिवास ने बताया कि बैंक अधिकारियों को इस बारे में शिकायत दी तो बैंक की ओर से उन्हें मामले के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया है। मामले की अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।