हिसार। जिले के गांव जेवरा में सोमवार रात करीब दस बजे गोशाला के पास घात लगा कर बैठे पांच-छह हमलावरों ने 30 वर्षीय चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के चालक राजेश की लोहे की रॉड और डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावरों ने ट्रांसफार्मर बंद कर गली में अंधेरा कर दिया था। सूचना मिलने पर बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेवरा गांव के रहने वाले सुखबीर ने बताया कि चचेरा भाई राजेश सीटीयू में चालक के पद पर कार्यरत था। गांव में मकान का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते चार दिन पहले राजेश तीन दिन की छुट्टी लेकर आया था। राजेश के छोटे भाई मंजीत की बालक चौपटा के पास किराना की दुकान है। सोमवार शाम को राजेश दुकान पर चला गया तो मंजीत घर पर आ गया। रात 9 बजकर 50 मिनट पर राजेश दुकान से कार में गांव लौट रहा था। गांव की गोशाला के पास पहले से घात लगाए बैठे पांच-छह युवकों ने उसकी कार को रुकवाया और लोहे की रॉड व डंडों से कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद राजेश पर हमला कर दिया। घटना का पता चलने पर परिजन घायल राजेश को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावरों ने राजेश की रेकी की।
परिजनों ने बताया कि शादी से पहले गांव में मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। अक्तूबर माह में राजेश की शादी होनी थी। मकान निर्माण के साथ-साथ शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। उन्हाेंने बताया कि हत्या क्यों की गई, इसके बारे में अभी कुछ नहीं पता। बरवाला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।