फतेहाबाद से अपनी मां पूनम के साथ हिसार अपने मामा के घर आ रहे 6 साल के मासूम वंश को एक गाड़ी चालक ने कुचल दिया। घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गंभीर रूप से घायल मासूम को नजदीक के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने गाड़ी चालक की शिकायत पीएलए चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसार फतेहाबाद निवासी पूनम अपने बेटे वंश और बेटी के साथ बुधवार शाम हिसार अपने मायके आ रही थी। वह कैंप चौक पर ऑटो से उतर कर पटेल नगर स्थित अपने मायके की ओर पैदल ही जा रही थी। इस दौरान वहां खड़ी एक गाड़ी चालक ने अचानक से अपनी गाड़ी चला दी। इस दौरान गाड़ी का बंपर 6 साल के मासूम वंश को लगा और वह नीचे गिर गया। गाड़ी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और बच्चे के ऊपर से गाड़ी ले गया तथा मौके से फरार हो गया। यह घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। बच्चे को गंभीर हालत में समीप के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पीएलए चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी की पहचान पटेल नगर निवासी सौरभ के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया गया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शव का वीरवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसआई वेदप्रकाश, पीएलए पुलिस चौकी, हिसार।