खेतों में जलभराव का जायजा लेते विधायक विनोद भयाना।
हांसी। बारिश के कारण भाटला और चानौत समेत कई गांवों के खेतों में हुए जलभराव ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को विधायक विनोद भयाना सिंचाई, बिजली और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे और किसानों से स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने खेतों से तीन दिनों के भीतर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने चानौत गांव में स्थापित एचडीपीई पंप हाउस को तुरंत चालू करवाने और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पंप सेट लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेतों से निर्बाध जल निकासी के लिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति आवश्यक है। इसके लिए बिजली विभाग को खेतों में लगे एच पोल पर ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विधायक भयाना ने भाटला गांव के खेतों से जल निकासी के लिए दो इलेक्ट्रिक पंप सेट तुरंत स्थापित करने को कहा। साथ ही संबंधित विभागों से कहा कि जल निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य तुरंत शुरू किया जाए। किसानों ने बताया कि अत्यधिक बारिश के चलते अधिकांश फसलें खराब हो गई हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि इस विषय में वे उच्च अधिकारियों से बातचीत करेंगे, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इस मौके पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता नवदीप सांगवान, एसडीओ मैकेनिकल प्रियंका, एसडीओ विवेक गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता राजेश, संजय, संदीप डाटा, सतबीर शर्मा मौजूद रहे।