नारनौंद। आंधी और बेमौसम बारिश ने क्षेत्र के किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस आपदा से आहत किसानों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम विकास यादव को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने सरकार से प्रति एकड़ 60,000 रुपये मुआवजे की मांग की है। साथ ही मंडियों में भीगी फसल को सरकार अपने स्तर पर सुखवाने और तुरंत खरीद सुनिश्चित करे।
किसानों ने बताया कि खेतों में कटाई के लिए तैयार धान, ज्वार जैसी फसलें तेज हवाओं और बारिश से पूरी तरह बिछ गई हैं। मंडियों में पहुंची फसलें भीगकर खराब हो गई हैं। इस नुकसान से किसान गंभीर आर्थिक संकट में आ गए हैं। किसान बलवान लोहान, शीलू लोहान, सुनील सिंहमार, जंगी लोहान, सत्यवान लोहान, अनिल उर्फ गोलू, महाबीर, धोला, राजबीर, आनंद सहित अन्य ने कहा कि जिसे ''''पीला सोना'''' कहा जाता है, वह अब मिट्टी में मिल गया है। किसानों ने कहा कि उन्होंने खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक, मजदूरी, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों पर पहले ही भारी खर्च किया है। अब जब फसल ही नष्ट हो गई है, तो आय का कोई स्रोत नहीं बचा। सरकार तत्काल गिरदावरी करवाकर नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर राहत राशि जल्द जारी करे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मुआवजे की घोषणा नहीं की, तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।