हांसी के काली देवी चौक के समीप मकान की छत से गिरने से एक युवती की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए हिसार के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। युवती की पहचान कलानौर निवासी 21 वर्षीय रचना के रूप में हुई है। घायल युवक विकास हांसी के ही रहने वाला है।
घटना की सूचना पर सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार रात को छत से नीचे गिर गए। जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक युवती के परिजनों को सूचना दे दी है। शहर थाना प्रबंधक सुखजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है।