निजी अस्पताल में उपचाराधीन पहलवान रौनक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के हिसार के सेक्टर 16- 17 के एक फ्लैट में रहने वाली अंतरराष्ट्रीय पहलवान रौनक गुलिया ने कहा कि मेरा भविष्य बर्बाद करने के लिए झूठे आरोप में मुझे फंसाया जा रहा है। दो मार्च को जब रुपये लेने की बात कहीं जा रही है उस समय रूस में अभ्यास कर रही थीं। मुझे कानून पर पूरा भरोसा है। कानूनी लड़ाई लड़ूंगीं और जो एजेंसी जांच करेगी उसमें सहयोग करूंगी। सेहत ठीक होने के बाद ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए अभ्यास करूंगी।
फिलहाल पहलवान रौनक गुलिया का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मंगलवार रात को पहलवान रौनक गुलिया ने अपने हाथ की नस काट ली थी। रौनक ने कहा कि मुझे अफसोस है नस काटने जैसा कदम उठाना पड़ा। पहलवान रौनक ने बताया कि 2016 में अंकित गुलिया से लव मैरिज हुई थी। अब आपसी मनमुटाव के चलते सेक्टर 16- 17 के एक फ्लैट में अकेली रहती हूं।
करीब डेढ़ साल पहले पति अंकित और जेलर दीपक शर्मा से जान पहचान हुई थी। दोनों ने मिलकर मोबाइल एप पर काम शुरू किया था। दोनों का आपस में लेनदेन था। छह महीने के बाद ही कंपनी बंद हो गई थी।
कंपनी में किसने कितना निवेश किया इस बारे में मुझे कुछ नहीं पता। दीपक शर्मा से कभी रुपये नहीं लिए और न ही मेरे खाते से कोई ट्रांजेक्शन हुई। दीपक शर्मा बार बार फोन कर परेशान कर रहा है। इसके अलावा पुलिस वालों से फोन करवाता है। यही वजह है कि तनाव में चल रही हूं। इसी कारण वर्ल्ड चैंपियनशिप में चयन के दौरान ध्यान नहीं दे पाई और बाहर हो गई। उन्होंने बताया कि दीपक शर्मा कहता है कि दो मार्च को मेरे पास आकर रुपये लिए। वो झूठ बोल रहा है। 27 फरवरी से मई तक रूस में अभ्यास कर रही थी।
51 लाख की धोखाधड़ी में कराया है केस दर्ज
तिहाड़ जेल के जेलर दीपक शर्मा ने दिल्ली में पहलवान रौनक गुलिया और उनके पति अंकित गुलिया पर 51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है।