लाहौरिया स्कूल के पास हरिनगर में बाइक पर सवार दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगे युवक की पहचान हरिनगर निवासी विजय उर्फ चोटी के रूप में हुई है। विजय की हत्या प्रयास मामले में 19 अप्रैल को गवाही है। आरोप है कि जिन लोगों पर केस दर्ज है उन्होंने ही विजय को गोली मारी है।
घायल विजय के बांये कंधे पर गोली लगी है। गोली कंधे में ही फंसी हुई है। घायल को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां से उसे रेफर कर दिया गया। घायल हो फिलहाल शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
समाचार लिखे जाने तक उसका ऑपरेशन किया जा रहा था। गोली मारने का आरोप काली उर्फ सुमित पर है। विजय उर्फ चोटी के दोस्त सेक्टर 21 पी निवासी दर्शन ने बताया कि वर्ष 2014 में विजय के सिर में सुमित उर्फ काली ने गोली मारी थी। दर्शन व चोटी इस मामले में गवाह हैं। उनकी इस मामले में 19 अप्रैल को गवाही होनी है। आरोप है कि इससे पहले ही काली ने वारदात कर दी।
दोस्त को शांति नगर में छोड़कर जा रहा था अपने घर
दर्शन का कहना है कि विजय डीटीएच डिश टीवी की एक शॉप पर नौकरी करता है। वह अपने साथी को शांति नगर स्थित उसके घर बाइक पर छोड़कर अपने घर जा रहा था। हरिनगर के पास एक बाइक पर दो युवक आए उन्होंने उसे आवाज दी और जैसे ही विजय ने मुड़कर देखा उनमें से एक ने गोली दाग दी।
तारीख पर गए थे तब दी थी धमकी
दर्शन का आरोप है कि इससे पहले जब उनकी कोर्ट में गवाही थी तो काली सहित तीन युवकों ने उन्हें गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी तारीख पर गवाही थी। मगर सामने वाली पार्टी की तरफ से एक युवक गैर हाजिर हो गया था, जिसके कारण कोर्ट ने 19 अप्रैल की अगली तारीख दी थी।
पहले से चली आ रही है रंजिश
दोस्तों ने बताया कि विजय की काली के साथ पहले से ही रंजिश चलती आ रही है। पहले विजय को सिर में गोली मारी गई थी। वह वारदात भी हरिनगर के आसपास ही हुई थी। फिलहाल मामले की सिटी थाना पुलिस छानबीन कर रही है।
काली उर्फ सुमित व उसके दो तीन साथियों का नाम सामने आ रहा है। 19 को विजय चोटी की गवाही थी। इनका आपस में कोई समझौते की बात थी। घायल के भाई के बयान पर केस दर्ज किया गया है।
- प्रहलाद सिंह, इंस्पेक्टर सिटी थाना