हिसार-राजगढ़ रोड पर मुकलान से आगे देर रात एक ढाणी में पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार के एक अड्डे का पर्दाफाश किया। मौके से काबू किए गए गांव देवा के कप्तान और तीन युवतियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। चारों को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुकलान से आगे गोयल पेट्रोल पंप के पास की एक ढाणी में देह व्यापार का धंधा हो रहा है। वहां रातभर लोग आते-जाते रहते हैं। खासकर ड्राइवरों का वहां आना-जाना ज्यादा है। पुलिस ने महिला पुलिस कर्मियों को साथ लेकर एक मुलाजिम को बोगस ग्राहक बना उसे 500 रुपये का नोट नंबर नोट कर दिया।
बोगस ग्राहक वहां गया तो कप्तान सामने खड़ा था। बोगस ग्राहक ने उससे कॉलगर्ल की डिमांड की तो उसने बताया कि 500 रुपये लगेंगे। सौदा पटने पर उसे 500 रुपये थमा दिए गए। कप्तान ने बोगस ग्राहक को ढाणी में अंदर जाने के लिए बोला। इतने में बोगस ग्राहक के इशारा करने पर पुलिस कर्मियों ने वहां छापा मार दिया।
पुलिस ने कप्तान के कब्जे से नंबरी नोट बरामद कर वहां से फाजिल्का की 20 साल की एक लड़की, फाजिल्का के जलालाबाद और रानिया की दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया। सदर थाना पुलिस ने कप्तान और तीन महिलाओं के खिलाफ वेश्यावृत्ति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।