भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत मामले में गोवा पुलिस ने दो दिन के रिमांड के बाद दोनों आरोपियों सुधीर सांगवान और सुखविंद्र को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गोवा पुलिस अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं कर पाई है। एक सितंबर से मामले की जांच डीएसपी जिबवा दलबी कर रहे हैं। मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग को लेकर रविवार को जाट धर्मशाला में सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत होगी।
गोवा पुलिस नहीं कर रही खुलासा
सोनाली फोगाट मौत मामले में गोवा पुलिस ने सुधीर सांगवान और सुखविंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने 27 अगस्त को दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर 10 दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान गोवा पुलिस की दो सदस्यीय टीम हरियाणा आई थी।
रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया। बाद में फिर दो दिन के रिमांड पर लिया। अब अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 14 दिन के रिमांड के दौरान गोवा पुलिस सोनाली की मौत के कारणों का खुलासा नहीं कर पाई है।
आज लेंगे फैसला
सोनाली फोगाट के भाई वतन ढाका का कहना है मौत मामले की सीबीआई जांच को लेकर रविवार सुबह 10 बजे जाट धर्मशाला में सर्व जातीय सर्व खाप महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत में खापों के प्रतिनिधि जुटेंगे। उनका कहना है महापंचायत में जो फैसला लिया जाएगा वो परिवार को मंजूर होगा।