पुलिस ने आढ़ती सुनील बजाज का किडनैप कर फिरौती वसूलने के आरोपी ढाणी श्यामलाल के सुनील पंडित और सोनू उर्फ गंजा को एक दिन के रिमांड के बाद वीरवार को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। वे दोनों इंद्र गुर्जर के साथी हैं। इस मामले में अदालत ने इंद्र को बुधवार को जेल भेज दिया था।
सिटी थाना प्रभारी मंदीप सांगवान और नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने अदालत में बताया कि दोनों आरोपियों से फिरौती के वसूले 30 हजार रुपये और एक तलवार बरामद कर ली है। उसके बाद अदालत ने दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को नई सब्जी मंडी का आढ़ती सुनील बजाज दुकान से कार में पीएलए स्थित घर के लिए निकला था। वह शांतिनगर में पहुंचा तो स्कॉर्पियो आगे अड़ाकर चार लोगों ने गन प्वाइंट पर उसका अपहरण कर लिया था।
अपहरणकर्ता उसे ढाणी श्यामलाल के एक मकान मेें ले गए थे और अपहरणकर्ताओं ने मारपीट कर उससे 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। आढ़ती ने इतने रुपये जुुटाने में असमर्थता जताई तो मामला 10 लाख में निपटाने का फैसला हुआ था।
आढ़ती ने परिचित सुरेंद्र को फोन कर 10 लाख रुपये जलेबी चौक पर लेकर आने के लिए बोला था। सुरेंद्र नकदी का इंतजाम कर कुछ देर बाद जलेबी चौक पर पहुंच गया था। वहां अपहरणकर्ताओं ने 10 लाख रुपये लेकर आढ़ती को कार समेत मुक्त कर दिया था।
बाद में आढ़ती ने पुलिस को शिकायत देकर इंद्र गुर्जर और तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस इंद्र को गिरफ्तार कर फिरौती के वसूले साढे़ नौ लाख रुपये, एक राइफल, चार पिस्तौल और एक स्कॉर्पियो बरामद कर चुकी है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी अभी बकाया है।