हरियाणा बिजली मंत्री रणजीत सिंह।
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा के हिसार में जनपरिवाद समिति की बैठक में जिला भाजपा निगरानी समिति के लोकसभा अध्यक्ष मनदीप मलिक ने एचएसवीपी के नए सेक्टर 25 में अवैध सड़क का मामला रखा। उन्होंने कहा कि प्राइवेट लोगों ने सेक्टर की जमीन पर सड़क बना दी है।
एक निजी कंपनी के प्रोजेक्ट को फायदा पहुंचाने के लिए 100 करोड़ का गोलमाल किया गया है। इस संबंध में बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने पूछा तो अधिकारी बोले हमें कोई जानकारी नहीं है। बिजली मंत्री ने अवैध तौर पर सड़क बनाए जाने की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रदेश के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने शनिवार को जनपरिवाद समिति की बैठक ली। बैठक में जिला भाजपा निगरानी समिति के लोकसभा अध्यक्ष प्रो. मनदीप मलिक ने कहा कि रायपुर रोड पर एचएसवीपी का नया सेक्टर 25 विकसित किया जा रहा है। कुछ लोगों ने सेक्टर के प्लान में ही बदलाव करा दिया।
इस सेक्टर के साथ लगते एक प्राइवेट प्रोजेक्ट के मालिकों को फायदा पहुंचाने के लिए एचएसवीपी की जमीन पर 12 मीटर चौड़ा करीब 500 मीटर लंबा रोड बना दिया गया है। इस रोड पर अवैध तरीके से लाइट भी लगा दी गई हैं। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने हरियाणा शहरी विकास के अधिकारियों से जवाब मांगा। एचएसवीपी के एक्सईएन ने कहा कि सड़क किस ने बनाई हमें जानकारी नहीं है। हमने सेक्टर के डेवलेपमेंट का पूरा प्रोजेक्ट मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा हुआ है। बिजली मंत्री ने कहा कि आपकी बिना जानकारी के एचएसवीपी की जमीन पर सड़क कैसे बन गई। इस बारे में प्रो. मनदीप मलिक ने बिजली मंत्री को लिखित में शिकायत दी है। मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने जांच के आदेश दे दिए हैं।