हरियाणा के सोनीपत में गोहाना के गांव बुसाना में देर रात हमलावरों ने एक शराब कारोबारी के घर पर फायरिंग की कर दी। अज्ञात बदमाशों ने घर में सुतली वाला पटाखा बम भी फेंक कर डराने की कोशिश की। घटना के समय कारोबारी रोहतक गया था। उनकी पत्नी घर पर थी। आरोप है कि उनकी पत्नी की तरफ पिस्तौल तानकार गोली चलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन गोली नहीं चली। कारोबारी की शिकायत पर सदर थाना गोहाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव बुसाना के नरेश उर्फ नेशी ने पुलिस को बताया कि वह शराब का कारोबार करते हैं। कुछ दिन पहले गोहाना में उसके सेल्समैनों पर भी हमला कर दिया गया था। वह एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है। शुक्रवार को वह किसी काम से रोहतक गया था। उसकी पत्नी राखी रानी ने रात को उसे फोन कर बताया कि बाइक पर तीन युवक आए थे।
घर के बाहर बाइक रोककर दो युवकों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। राखी गोली चलने की आवाज सुनकर ऊपर वाले कमरे से नीचे आई तो उसकी तरफ फायरिंग करने की कोशिश की गई, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद एक युवक ने सुतली वाला पटाखा बम घर की छत और दूसरा बम राखी की तरफ फेंका।
राखी के शोर मचाने पर तीनों युवक भाग गए। नरेश उर्फ नेशी ने शक जताया कि कृष्ण गाठा के भाई संदीप आहुलाना ने अपने साथियों के साथ मिल कर उसके घर पर हमला कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब कारोबारी ने घर पर फायरिंग करने व उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह, थाना प्रभारी, सदर गोहाना