पूर्व पार्षद रमेश सरदाना पर 6 अक्तूबर को किए गए जानलेवा हमले के आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर दर्जनों शहरवासी मंगलवार को पुलिस स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस द्वारा मामले के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में एसएचओ को खरी-खरी सुनाई। क्षेत्रवासी बोले पुलिस हाथ पर हाथ धर कर मत बैठे मामले से जुड़े आरोपितों को गिरफ्तार किया जाए। गुस्साए लोगों ने मौके पर धरना लगाने के लिए दरियां बिछाने का प्रबंध भी कर लिया।
शहरवासियों की नाराजगी देख थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने मामले में कुछ धाराएं और जोड़ दी व शनिवार तक आरोपितों को गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। बता दें कि पूर्व नगर पार्षद रमेश सरदाना पर 6 अक्तूबर की रात को आई 20 कार में सवार 4-5 बदमाशों द्वारा जानलजेवा हमला कर डेढ़ लाख की नकदी छीन कर फरार हो गए थे। हमले में रमेश को कई गंभीर चोटें आई थी। पुलिस ने इस संबंध में रमेश सरदाना के बयान पर अमरीश मुंजाल व सोनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। करीबन दो सप्ताह से पुलिस इस मामले में कोई खास छानबीन नहीं कर पाई इसके चलते शहर के लोग पुलिस प्रशासन से नाराज हैं। मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे ही दर्जनों की संख्या में शहरवासी पुलिस स्टेशन पहुंच गए। यहां उन्होंने थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह से पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी देने की बात कही। थाना प्रभारी ने अपना पक्ष रखा, लेकिन लोग संतुष्ट नहीं हुए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकालते हुए मिलीभगत का आरोप लगाया। शहरवासी पूर्व पार्षद सज्जन गर्ग, राजेश सैनी, राजु घोड़ा, रामकुमार, पार्षद दर्शन सिंह, राजेश रोडा, पार्षद अनिल संदूजा, पुनीत जावा, बलजीत, रामपाल, मनीराम दनौदा, राजा महता, जगरूप वर्मा, राजबीर वर्मा, डॉ.सुभाष सैनी, ओम प्रकाश सैनी, धर्मेंद्र बंजारा, मोहन लाल रहेज, अनिल गर्ग, मुकेश गर्ग, राजेश श्योकंद, सुरेश बेनीवाल आदि ने कहा कि बदमाश रमेश सरदाना पर जानलेवा हमला कर नकदी लेकर फरार हो गए लेकिन पुलिस ने एफआईआर में चोरी की धारा लगाकर मामले को रफा दफा कर आरोपितों को बचाने का प्रयास किया है। लोगों के भारी विरोध के बाद थाना प्रभारी ने एफआईआर में कुछ धाराएं और ईजाद करने की बात कही। शहरवासियों ने कहा कि यदि पुलिस शनिवार तक भी मामले के आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करेगी तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।