गर्भ में भ्रूण लिंग जांच मामले के अभियुक्त डॉ. अनंतराम बरवाला एवं इनेलो नेता की बेल मंजूर हो गई है। वे सोमवार को बेल पर जेल से बाहर आ गए।
एडीजे सुदेश कुमार शर्मा की कोर्ट ने उनकी बेल मंजूर की है। क्राइम ब्रांच ने उन्हें जींद क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इस मामले में गिरफ्तारी से पहले भी इनेलो नेता ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी जो निचली अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक रिजेक्ट हो गई थी।
गिरफ्तारी के बाद भी उनके वकील ने बेल एप्लीकेशन लगाई थी, जिसे एक बार फिर कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
26 दिन रहे पुलिस कस्टडी में
डॉ. अनंतराम बरवाला 26 दिन तक पुलिस कस्टडी में रहे। उन्हें जींद क्राइम ब्रांच ने 25 नवंबर को गिरफ्तार किया था। बरवाला जिस दिन जेल में गए, रात को ही उन्हें छाती में तेज दर्द हो गया था।
इसके बाद उन्हें अगले दिन दोपहर तक सिविल अस्पताल में भर्ती रखा। इसके बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया था।
मामले से जुड़े सातों अभियुक्तों की हो चुकी है बेल
इस मामले में पुलिस ने डॉ. अनंतराम बरवाला सहित अभी तक सात लोगों को गिरफ्तार किया था। डॉ. बरवाला से पहले ही छह लोगों की जमानत हो चुकी थी।
बरवाला के वकील ने इससे पहले भी बेल एप्लीकेशन लगाई थी। जो कोर्ट ने खारिज कर दी। इस मामले में कोर्ट ने पहले 18 दिसंबर की तारीख लगाई थी।
इसके बाद कोर्ट ने 21 दिसंबर की तारीख दे दी। सोमवार को कोर्ट ने बरवाला को जमानत दे दी। पुलिस ने उन्हें मुकदमा नंबर 999 में गिरफ्तार किया था। यह मामला सिटी थाना क्षेत्र की पड़ाव चौकी में दर्ज हुआ था।