हिसार-भादरा रूट पर शुक्रवार को नकली टिकटों के साथ पकड़े गए कंडक्टर भागीरथ शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। हिसार रोडवेज जीएम खूबीराम कौशल ने बताया कि फतेहाबाद के जीएम धनराज कुंडू ने शुक्रवार रात को उन्हें इस मामले की रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके बाद बालसमंद निवासी कंडक्टर भागीरथ शर्मा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
महासंघ से संबंधित रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रधान भागीरथ शर्मा को शुक्रवार को हिसार-भादरा रूट पर फतेहाबाद व भिवानी के रोडवेज जीएम धनराज कुंडू की फ्लाइंग ने 4400 रुपये की नकली टिकटों के साथ पकड़ा था। इसमें उसने करीब 1200 रुपये की टिकटें सवारियों को दे रखी थी।
रोडवेज जीएम खूबीराम ने मामले की पूरी रिपोर्ट चंडीगढ़ भेजी है। मामले की जांच के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय को लिखा गया है। वहीं हिसार रोडवेज जीएम ने इस बारे में पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं कराई। मीडिया ने उनसे सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि मैंने निलंबन कर दिया है। अब आगे की कार्रवाई मुख्यालय की ओर से की जाएगी। आरोप है कि लंबे समय से नकली टिकटों का धंधा चल रहा था। लेकिन हिसार जिले की फ्लाइंग टीम ने अब तक कार्यवाही नहीं की।
चंडीगढ़ मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
जीमए खूबीराम कौशल ने बताया कि नकली टिकट मामले की जांच के लिए सभी पहलुओं पर गौर करने के बाद मामले की रिपोर्ट चंडीगढ़ मुख्यालय को भेजी गई है। नकली टिकटें कहां से छपवाई व कब से छपवाई जा रही हैं। जांच के बाद ही इन बातों का पता चल सकेगा।
जीएम ने समझाया असली-नकली टिकटों का फर्क
जीएम खूबीराम कौशल ने शनिवार को फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टरों की एक आपात बैठक बुलाई। उन्हें नकली टिकट मिलने के बाद भविष्य में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टरों को आदेश दिए गए हैं कि वह सभी टिकटों की गहनता से जांच करवाए। टिकट चेकिंग के दौरान भी असली-नकली टिकटों की परख करें। टिकट बुकिंग ब्रांच को सभी रूटों के रजिस्टर में नियमित रूप से आंकड़े डालने के आदेश दिए गए हैं।
सही जांच हो तो होगा बडा खुलासा
जीएम धनराज कुंडू ने हिसार जीएम को शुक्रवार की घटना को लेकर पूरी रिपोर्ट भेजी है। अपने पत्र में धनराज कुंडू ने कहा कि इस मामले में गैंग शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दिल्ली में भी नकली टिकटों के साथ कंडक्टर नरेंद्र को गिरफ्तार किया गया था। बाद में नरेंद्र की मौत हो गई थी। नकली टिकट मामले में अगर गंभीरता से जांच की जाएगी तो इस मामले में बडे़ खुलासे हो सकते हैं।