हरियाणा के हिसार में सिवानी मंडी में अवैध पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट से मौत के मामले में मृतक मोहित उर्फ मोनू के परिजनों ने नागरिक अस्पताल सिवानी के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। परिजनों की मांग है कि मोनू की पत्नी को सरकारी नौकरी व 2 करोड़ रुपये तथा अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करें जेल भेजा जाए।
परिजन सिवानी में ही मोनू का पोस्टमार्टम करवाना चाहते हैं जबकि अधिकारियों का कहना है कि सिवानी में यह व्यवस्था संभव नहीं है। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह कल रात से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं परंतु अभी तक शासन की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
उनकी मुख्य मांगे दोषी कर्मचारियों के खिलाफ है सख्त से सख्त कार्रवाई करने और शहर के तहसीलदार, थाना प्रभारी, नगरपालिका सचिव, नगर पालिका चेयरमैन को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करके उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग है। मृतक परिजनों को सरकारी नौकरी व मोनू के परिवार को 2 करोड़ की सहायता राशि की मांगों को लेकर कल रात से ही शव का अंतिम संस्कार न करवाने को लेकर अभी तक धरने पर बैठे हैं ।
किसान सभा, भीम सेना आंबेडकर सभा व शहर के विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक लोग उनके समर्थन में धरने पर अपना समर्थन दे रहे हैं। बता दें कि अवैध फैक्टरी से जब्त पटाखों को नष्ट करते समय बुधवार शाम करीब पांच बजे भीषण ब्लास्ट हो गया था। ब्लास्ट में नगर पालिका के सफाई कर्मचारी मोहित की मौत हो गई। हादसे में तहसीलदार सहित आठ लोग झुलस गए।