कार बरवाला से अग्रोहा जा रही थी। गांव नंगथला में बस अड्डे के पास दोनों की टक्कर हो गई। ट्रक खाद से भरा हुआ था। जो अग्रोहा से बरवाला जा रहा था। हादसे में किरोड़ी निवासी राममेहर, राजली निवासी राजू, किरोड़ी निवासी रविंद्र, किरोडी निवासी प्रवीण की मौत हो गई।
अग्रोहा के गांव नंगथला के पास सड़क हादसे में बहन के घर कोथली देकर वापस लौट रहे भाई व उसके तीन दोस्तों सहित चार लोगों की मौत हो गई। क्रेटा कार व ट्रक के बीच यह हादसा रात करीब 1 बजे नंगथला बस अड्डे के पास हुआ। खाद से भरा ट्रक अग्रोहा से बरवाला जा रहा था। राजली निवासी राजू अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार में सवार होकर बरवाला से अग्रोहा की ओर जा रहा था।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में किरोड़ी निवासी 27 वर्षीय रामेहर पूनिया , राजली निवासी राजू, किरोड़ी निवासी 24 वर्षीय रविंद्र शर्मा, 28 वर्षीय प्रवीण की मौत हो गई। मृतकाें के शवों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रेटा कार पूरी तरह टूट गई। चारों शव उसी में बुरी तरह फंस गए। लोगों ने सभी शवों को दरवाजे काटकर बाहर निकाला।
हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए। लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी से शवों को निकालना शुरू किया गया। शवों को पुलिस ने अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टर ने चारों की मौत की पुष्टि की। मृतकों की जेब से उनके आधार कार्ड मिले जिनके आधार पर उनकी पहचान की गई। साथ ही उनके परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन
तेजा पूनिया ने बताया कि किरोड़ी गांव के रहने वाले राममेहर पूनिया का साला राजू अपनी बहन की कोथली लेकर राजली गांव से किरोड़ी आया हुआ था। उसी के साथ ये तीनों कार लेकर कहीं गए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। मृतक सामान्य परिवार से है। इनमें प्रवीण भादू की शादी नहीं हुई थी। अन्य तीनों शादीशुदा थे। राममेहर की पत्नी के भाई राजू की 2 साल पहले शादी हुई थी। करीब 5 महीने पहले वह एक बेटी का पिता बना था। राजू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।