गांव जेवरा से पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया एक व्यक्ति वीरवार शाम को पुलिस स्टेशन से गायब हो गया। लापता शमशेर की बरामदगी के लिए ग्रामीण शुक्रवार को डीएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने रोष जताते हुए शमशेर को घर से लेकर आए एएसआई जयसिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और लापता शमशेर को तलाशने की गुहार लगाई। डीएसपी राजबीर सैनी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उन्होंने इस संबंध में थाना प्रभारी से बात की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ग्रामीण सतबीर, बलजीत, रामचंद्र, रामेश्वर, प्रेम, आजाद, बलवंत, ईश्वर सिंह, दिलबाग, अजीत आदि ने बताया कि बुधवार को शमशेर की भाभी संतरो ने उसके खिलाफ शिकायत दी थी। शमशेर गांव में ही टायर पंक्चर की दुकान चलाता है। स्ट्रीट लाइट की दिशा बदलने को लेकर विवाद हुआ था।
संतरो ने स्ट्रीट लाइट का स्विच अपने घर लगा रखा है, इसकी दिशा भी अपनी मर्जी से रात के समय बदल देती है। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने संतरो की शिकायत पर शमशेर को गुरुवार सुबह घर से हिरासत में ले लिया।
एएसआई जय सिंह पूछताछ के लिए शमशेर को पुलिस स्टेशन ले आए। इसके बाद शमशेर की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने पूछताछ के बाद शमशेर को छोड़ दिया था, लेकिन ग्रामीणों को कहना है कि वह आज तक घर नहीं पहुंचा है।
शमशेर के परिजनों ने कहा कि पुलिस की कस्टडी से गायब हुए शमशेर का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शमशेर के साथ कोई अनहोनी हो गई तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे।