पेटीएम के जरिये भुगतान करने के नाम पर ठग लिए दस हजार रुपये
हिसार। सेक्टर-14 में एक दुकानदार के साथ पेटीएम एप के जरिये दस हजार रुपयों की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस बारे में सेक्टर-14 निवासी गौरव जैन ने पुलिस को शिकायत देकर ठगी करने का केस दर्ज करवाया है।
गौरव जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-14 में दुकान चलाता है। घटना के दिन सुबह दस बजे करीब जब वह अपनी दुकान पर था, तो उसके पास मोबाइल से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को सेक्टर-14 निवासी गुप्ता जी बताया। उन्होंने गौरव जैन से कहा कि वह अपनी बेटी को दुकान पर सामान लाने के लिए भेज रहे हैं। वह करीब पांच हजार का सामान लेकर जाएगी। दो हजार रुपये नकद भुगतान कर देगी, जबकि बाकी के तीन हजार रुपये वह उनको पेटीएम से भेज देंगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह अपने सैलरी अकाउंट से रुपयों का भुगतान कर रहे हैं। अभी आपके मोबाइल पर आया ओटीपी बता दें। इसके बाद गौरव जैन ने ओटीपी उनको बता दिया। ओटीपी बताते ही उनके खाते से दस हजार रुपये कट गए। जब उन्होंने इस बारे में वापस उसी नंबर पर फोन किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुुरू कर दी है।