अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। चोरों ने शनिवार रात नई अनाज मंडी स्थित कोऑपरेटिव बैंक की अलमारी को तोड़ने का प्रयास किया। जब वे सफल नहीं हुए तो साथ लगती एक आढ़ती की दुकान का ताला तोड़कर नकदी चुरा ले गए। चोरों ने साथ लगती कबाड़ी की दुकान को भी खंगाल डाला। एक साथ तीन दुकानों में चोरी की घटना का पता सुबह ही चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच पड़ताल के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार अनाज मंडी की दुकान नंबर 215 में चल रहे कोऑपरेटिव बैंक के शटर पर लगे ताले को तोड़ कर चोर अंदर घुसे। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों का मुंह उन्होंने ऊपर की ओर कर दिया और उसके बाद अंदर रखी अलमारी को तोड़ने का प्रयास किया, जिसे वे नहीं तोड़ पाए। इसके बाद उन्होंने बैंक के साथ लगती दुकान नंबर 217 को निशाना बनाया। आढ़ती मीनू कुमार के अनुसार वे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और एक लाख 10 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब वह दुकान पर आया तो ही उसे चोरी का पता चला। चोरों ने दुकान नंबर 218 के भी ताले तोड़े, लेकिन यहां से चोरों को कुछ नहीं मिला।
कबाड़ी की दुकान भी खंगाली
चोरों ने नई अनाज मंडी की दीवार के साथ लगती एक कबाड़ी की दुकान भी खंगाल डाली। चोर दुकान के अंदर से करीब साढ़े आठ हजार की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की घटना का पता चलने पर आढ़ती एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।