अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। गांव खांडाखेड़ी में जींद-भिवानी रोड पर एक अज्ञात अधजला शव बरामद हुआ है। खांडाखेड़ी गांव के चौकीदार ने शव को देखा तो इसकी सूचना सरपंच प्रतिनिधि को दी। सरपंच प्रतिनिधि बिजेंद्र सिंह ने तुरंत नारनौंद पुलिस को अवगत करवाया। नारनौंद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया।
चौकीदार संजय ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह वह घूमने के लिए गया हुआ था तो उसने बास की तरफ किसी व्यक्ति का अधजला हुआ शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने शव की जांच की तो सिर में चोट के निशान मिले। पुलिस का मानना है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां डालकर इसको पेट्रोल से जलाने की कोशिश की गई है। मगर शरीर पूरी तरह से जल नहीं सका। पोस्टमार्टम के लिए शव हांसी के सामान्य अस्पताल में भेजा गया लेकिन शव जला होने के कारण उसका पोस्टमार्टम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में होगा। नारनौंद थाना प्रभारी राजसविंद्र ने बताया कि खांडाखेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि से सूचना मिली थी। शव को पहचान के लिए अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। 72 घंटों के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल चौकीदार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।