अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)। सोरखी गांव स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा में मंगलवार अल सुबह गैस कटर से ताले, शटर काटकर लूट का प्रयास किया गया। ग्रामीणों द्वारा बैंक में हलचल सुनाई देने पर उन्होंने बैंक के नजदीक पहुंचकर आवाज लगाई, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वे अपने साथ लाए सामान और जिन तीन गाड़ियों में आए थे, उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित सोरखी गांव स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा में मंगलवार अल सुबह कुछ लुटेरे घुस गए। वे गैस कटर से बैंक का कैंची गेट, शटर काट कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर सेफ को काटने का प्रयास किया। स्टेशनरी रूम की अलमारी दो अन्य सेफ को भी कटर से काटने का प्रयास किया गया। जिस समय वे वारदात को अंजाम देने में जुटे थे, उसी समय बाहर से कुछ ग्रामीणों को बैंक के अंदर हलचल दिखाई दी। इस पर वे बैंक के नजदीक पहुंचे और उन्होंने आवाज लगाई। इसके बाद लुटेरे सामान छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बास पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बास थाना प्रभारी साधु राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बैंक के बाहर मिलीं तीन गाड़ियां
बैंक के बाहर से पुलिस को तीन गाड़ियां बरामद हुईं। इनमें एक गाड़ी अर्टिगा, दूसरी आइटेन गाड़ी नंबर व तीसरी गाड़ी टाटा सूमो शामिल हैं। इनमें सूमो गाड़ी दो दिन पहले बास थाने के गांव उगालन से चोरी हो गई थी। पुलिस गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन को खंगाल रही है। पुलिस पता लगा रही है कि जो दो गाड़ियां और मिली हैं, कहीं वे भी तो चोरी की नहीं हैं।
अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चोरों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा। बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही हैं।
-जोगेंद्र सिंह राठी, डीएसपी नारनौंद
पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। चोरों ने अंदर के सभी सेफ को गैस कटर से काटने का प्रयास किया है, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से बैंक में चोरी होने से बच गई।
-सुदर्शन, ब्रांच मैनेजर, सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक, सोरखी।