अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
चोरों ने मंगलवार तड़के पुष्पा कांप्लेक्स की आर्मी मोबाइल गैलरी का शटर उखाड़कर मोबाइल और अन्य सामान चुरा लिया। दुकानदार ने चोरीशुदा माल की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये बताई है। एक कार में मंकी कैप पहनकर आए चार चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटेल नगर निवासी विकास बजाज सोमवार रात करीब नौ बजे मोबाइल गैलरी बढ़ाकर घर गए थे। मंगलवार सुबह छह बजे कैंपर रखने आए एक कारिंदे ने उनको फोन कर शटर उखड़नेे की सूचना दी। दुकान संचालक कुछ देर बाद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि शटर उखड़ा हुुआ है और अंदर से काफी मोबाइल और अन्य सामान गायब है। फिर उन्होंने फोन कर पुलिस और जानकारों को चोरी की सूचना दी। पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दिनभर मोबाइल गैलरी पर कांप्लेक्स के दुकानदारों का तांता लगा रहा। दुकानदारों में वारदात को लेकर गहरा रोष है।
चोर डीवीआर ले गए साथ, सीसीटीवी की दिशा बदली
चोर बेहद शातिर निकले। फुटेज में दिख रहे चोरों ने मंकी कैप पहन रखी थी। उन्होंने दुकान में घुसने से पहले एक सीसीटीवी कैमरे का मुंह घुमा दिया। उसके बाद उन्होंने दुकान का शटर उखाड़कर सीसीटीवी की डीवीआर उखाड़ी। फिर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
10 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने पास की एक दुकान की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। फुटेज देखकर पता चलता है कि तड़के 3.10 बजे शनि मंदिर के पास सिल्वर कलर की एक कार आकर रुकती है। उसमें से मंकी कैप पहने चार युवक उतरते हैं और फिर वे 3.12 बजे पर दुकान की तरफ जाते हैं। उसके बाद वे 3.22 बजे वारदात कर कार में सामान रखकर फरार हो जाते हैं। फुटेज में रात 1.40 बजे शनि मंदिर के पास एक संदिग्ध युवक भी दिख रहा है। हो सकता है, उसने रेकी की हो।
कार पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात में प्रयुक्त कार पर यूपी के अलीगढ़ के बाइक के नंबर की सीरीज वाली नंबर प्लेट लगी थी। यह गाड़ी रात 2.47 बजे चिकनवास टोल से हिसार की तरफ आई है। पुलिस को पता चला है कि रात 2.32 बजे फतेहाबाद में बीघड़ रोड पर एक मोबाइल गैलरी से चोर चोरी कर कार में फरार हुए हैं। पुलिस का अनुमान है कि दोनों वारदात एक गिरोह ने की हैं।
कांप्लेक्स में नहीं चौकीदार, एटीएम वाला गार्ड था नहीं
शहर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट में दिल्ली रोड के पुष्पा कांप्लेक्स में करीब 350 दुकानें हैं। इनमें से आधी चालू हालत में हैं, लेकिन कांप्लेक्स में कोई चौकीदार नहीं है। आर्मी मोबाइल गैलरी के पीछे के एटीएम केबिन में सिक्योरिटी गार्ड है, लेकिन रात को एटीएम में वह गार्ड मौजूद नहीं था। कांप्लेक्स के दुकानदारों में वारदात को लेकर गहरा रोष है।
स्मार्ट फोन ही ले गए चोर, सस्ते मौके पर ही छोड़े
चोरों ने मोबाइल गैलरी से स्मार्ट फोन ही चुराए। उनकी कीमत छह हजार से 55 हजार रुपये तक बताई गई है। गैलरी में स्मार्ट फोन के लिए अलावा और फोन थे, लेकिन चोरों ने उनको नहीं चुराया। चोर बोरी में भरकर फोन बाहर लाए और फिर उनको कार में रखकर फरार हो गए।