हांसी शहर से 12 किलोमीटर दूर दिल्ली रोड पर गढ़ी गांव के पास
रविवार तड़के करीब पौने चार बजे जाइलो गाड़ी की सामने से आ रहे कैंटर से
टक्कर में एक ही कुनबे की चार महिलाओं सहित 7 लोगों की मौत हो गई।
हादसे
में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ये सभी लोग अपने परिवार की एक वृद्धा
की मौत के बाद हरिद्वार में अस्थियां प्रवाहित कर राजस्थान के चूरू जिले
में स्थित अपने गांव जांदवा लौट रहे थे।
राजस्थान में चूरू जिले की रतनगढ़ तहसील के जांदवा निवासी गिरधारी लाल
खीचड़ ने बताया कि उनके परिवार की वृद्धा सुंदर देवी का निधन होने के बाद
गंगा में अस्थियां प्रवाहित करने के लिए कुनबे के दस लोग जाइलो गाड़ी में
हरिद्वार गए थे।
गाड़ी विनोद चला रहा था। हरिद्वार से सभी लोग शनिवार की
रात वापस रवाना हुए। तड़के करीब पौने चार बजे गढ़ी गांव के पास सामने से आ
रहे एक कैंटर से जाइलो गाड़ी भिड़ंत हो गई।
हादसे में 6 लोगों ने मौके पर
ही दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत रोहतक पीजीआई में हो गई। मौके पर पहुंची
सदर पुलिस व हाईवे पुलिस ने मृतक के शवों को गाड़ी से बाहर निकाल कर
पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी के मुताबिक कैंटर
पर यूपी के नंबर हैं। पुलिस उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों में ये शामिल
हादसे में जांदवा निवासी हधमाना राम पुत्र धन्ना राम, मूंगा देवी पत्नी
हधमाना राम, विनोद पुत्र शेरा राम, रुक्मिणी पत्नी शेरा राम, महिमा पत्नी
रामलाल, माना देवी पत्नी मोहन राम तथा मूला राम पुत्र घाना राम की मौत हो
गई।
घायल नानू देवी पत्नी मूला राम, केसर देवी पत्नी सोहन राम व पवन पुत्र
रामलाल अस्पताल में भर्ती है।