अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला (हिसार)। राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट खेदड़ में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने स्ट्रॉन्ग रूम तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि बदमाश इसमें कामयाब नहीं हो पाए। थर्मल प्लांट में लगी सीआईएसएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दो बदमाशों ने करीब 40 मिनट तक लोहे की रॉड से स्ट्रांग रूम तोड़ने का भरसक प्रयास किया। मामले के संबंध में पीएनबी के प्रबंधक कपिल माटा ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने सबसे पहले शनिवार रात करीब 12 बजे बैंक के पिछली तरफ की खिड़की का शीशा व ग्रिल तोड़ कर बैंक में घुसे। इसके बाद बदमाशों ने बैंक के मुख्य केबिन का दरवाजा तोड़ा और दरवाजों में चाबियां आदि भी तलाशी। इस दौरान उन्हें जब कुछ खास नहीं मिला तो बदमाशों ने रॉड से स्ट्रांग रूम के दरवाजे को भी तोड़ने का प्रयास किया। बदमाशों को जब कोई खास कामयाबी नहीं मिली तो वे 12 बजकर 45 मिनट पर वापस लौट गए। बदमाशों द्वारा की गई वारदात बैंक और प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।